एयरपोर्ट परिसर में दबंगई करने वाले चालकों पर कार्रवाई, 3 गिरफ्तार; 40 वाहनों का चालान, एक सीज

Spread the love

वाराणसी। एयरपोर्ट परिसर में यात्रियों को घेरकर जबरन सवारी कराने और अभद्र व्यवहार की लगातार मिल रही शिकायतों पर पुलिस ने सख्त रुख अपनाया है। पुलिस उपायुक्त गोमती जोन आकाश पटेल के निर्देशन में थाना फूलपुर पुलिस द्वारा ऐसे टैक्सी और ऑटो चालकों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है।

पुलिस के अनुसार कुछ चालक एयरपोर्ट पर आने वाले यात्रियों को घेरकर उनसे जबरन सवारी लेने का दबाव बना रहे थे। इससे यात्रियों को काफी असुविधा हो रही थी और एयरपोर्ट परिसर की व्यवस्था भी प्रभावित हो रही थी। इसी को देखते हुए पुलिस ने अभियान चलाकर नियमों का उल्लंघन करने वाले चालकों के खिलाफ कार्रवाई शुरू की है।

उल्लेखनीय है कि 9 मार्च 2026 को भी थाना फूलपुर पुलिस ने इसी तरह की कार्रवाई करते हुए 4 चालकों को गिरफ्तार किया था और 2 वाहनों को जब्त किया गया था। इसके बावजूद कुछ चालक लगातार नियमों की अनदेखी करते पाए गए।

इसी स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने एयरपोर्ट परिसर में चार पुलिसकर्मियों की स्थायी ड्यूटी लगा दी है। इन पुलिसकर्मियों को निर्देश दिया गया है कि वे ऐसे चालकों को चिन्हित कर उनके खिलाफ तत्काल वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित करें।

इसी क्रम में 10 मार्च 2026 को थाना फूलपुर पुलिस की टीम ने एयरपोर्ट परिसर में सघन चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान यात्रियों को घेरकर सवारी के लिए दबाव बनाने वाले तीन चालकों को गिरफ्तार किया गया। इसके साथ ही नियमों का उल्लंघन करने पर 40 चार पहिया वाहनों का चालान किया गया और एक वाहन को सीज भी किया गया।

पुलिस ने सभी टैक्सी और ऑटो चालकों को सख्त चेतावनी दी है कि वे केवल निर्धारित पार्किंग स्थल पर ही वाहन खड़े करें और किसी भी यात्री को जबरन सवारी के लिए बाध्य न करें। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ आगे भी कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी। पुलिस का कहना है कि यात्रियों की सुविधा और एयरपोर्ट परिसर में व्यवस्था बनाए रखने के लिए यह अभियान लगातार चलाया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *