वाराणसी। पुलिस कमिश्नर मोहित अग्रवाल के निर्देश पर चलाए जा रहे विशेष चेकिंग अभियान के तहत भेलूपुर पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। थाना भेलूपुर क्षेत्र में एसओजी-2 टीम और स्थानीय पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में एक युवक को 300 ग्राम से अधिक गांजा के साथ गिरफ्तार किया गया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, थाना भेलूपुर पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि क्षेत्र में एक व्यक्ति अवैध रूप से गांजा बेचने का काम कर रहा है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए एसीपी भेलूपुर गौरव कुमार के नेतृत्व में एसओजी-2 टीम, भेलूपुर पुलिस तथा खोजवा चौकी प्रभारी ने संयुक्त रूप से अभियान चलाया।
पुलिस टीम ने खोजवा क्षेत्र में संदिग्धों की चेकिंग शुरू की। इसी दौरान एक स्कूटी सवार युवक को रोका गया। तलाशी लेने पर स्कूटी की डिग्गी से लगभग 300 ग्राम से अधिक गांजा बरामद हुआ। पूछताछ में युवक ने अपना नाम सोनू मौर्या निवासी खोजवा बताया।
पुलिस ने मौके से ही युवक को गिरफ्तार कर लिया और उसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। बरामद गांजा को सील कर जब्त कर लिया गया है।
एसीपी भेलूपुर गौरव कुमार ने बताया कि गिरफ्तार युवक से पूछताछ की जा रही है। यह पता लगाया जा रहा है कि वह गांजा कहां से लाता था और किन-किन लोगों को इसकी आपूर्ति करता था। पूछताछ के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस का कहना है कि क्षेत्र में मादक पदार्थों की बिक्री और तस्करी के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।
