अन्नपूर्णा अन्नक्षेत्र में फिर शुरू हुआ प्रसाद वितरण, भक्तों ने लगाए जयकारे

Spread the love

वाराणसी। काशी में मां अन्नपूर्णा की कृपा से भक्तों को एक बार फिर अन्नपूर्णा प्रसाद प्राप्त होने लगा है। बॉसफाटक स्थित अन्नपूर्णा अन्नक्षेत्र की दूसरी शाखा में बीते दिन गैस ईंधन के अभाव के कारण प्रसाद वितरण बाधित हो गया था, जिससे दर्शन के लिए आए कई भक्तों को निराश लौटना पड़ा था। हालांकि प्रशासन और प्रबंधन के प्रयासों के बाद रविवार को पुनः प्रसाद वितरण शुरू कर दिया गया।

प्रसाद वितरण दोबारा शुरू होने की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में श्रद्धालु अन्नक्षेत्र पहुंचने लगे। भक्तों ने प्रसाद प्राप्त कर मां अन्नपूर्णा के जयकारे लगाए और अपनी श्रद्धा प्रकट की। अन्नपूर्णा अन्नक्षेत्र में सुबह से ही भक्तों की लंबी कतार देखने को मिली। श्रद्धालु अनुशासित तरीके से लाइन में लगकर प्रसाद ग्रहण करते नजर आए।

अन्नपूर्णा अन्नक्षेत्र काशी आने वाले श्रद्धालुओं के लिए एक महत्वपूर्ण सेवा केंद्र माना जाता है, जहां प्रतिदिन बड़ी संख्या में भक्तों को निःशुल्क प्रसाद वितरित किया जाता है। बीते दिन गैस ईंधन की कमी के कारण व्यवस्था प्रभावित हुई थी, लेकिन प्रबंधन के प्रयास से गैस की व्यवस्था होने के बाद प्रसाद वितरण की सेवा फिर से सुचारु रूप से शुरू हो गई।

प्रसाद प्राप्त करने वाले भक्तों ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि मां अन्नपूर्णा की कृपा से उन्हें आज प्रसाद मिला है। उन्होंने व्यवस्था बहाल होने पर संतोष जताया और कहा कि काशी में अन्नपूर्णा अन्नक्षेत्र की सेवा से दूर-दराज से आने वाले श्रद्धालुओं को काफी राहत मिलती है।

प्रबंधन की ओर से बताया गया कि भविष्य में ऐसी समस्या न हो इसके लिए ईंधन की आपूर्ति को लेकर विशेष ध्यान दिया जा रहा है, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *