प्राथमिक विद्यालय पिसौर में छात्राओं से अश्लील हरकत का आरोप, प्रधानाचार्य गिरफ्तार, गांव में भारी आक्रोश

Spread the love

वाराणसी के पिसौर स्थित प्राथमिक विद्यालय में छात्राओं के साथ अश्लील हरकत करने का गंभीर मामला सामने आया है। आरोप विद्यालय के प्रधानाचार्य पद्माकर सिंह पर लगा है, जिसके बाद इलाके में हड़कंप मच गया। घटना की जानकारी मिलते ही सैकड़ों की संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग को लेकर आक्रोश जताने लगे।

स्थिति को देखते हुए मौके पर पीएससी बल सहित प्रशासन के आलाधिकारी पहुंचे और हालात को नियंत्रित किया। ग्रामीणों का गुस्सा इतना ज्यादा था कि आरोपी प्रधानाचार्य को बाहर निकालने में पुलिस को काफी मशक्कत करनी पड़ी। सुरक्षा के बीच आरोपी पद्माकर सिंह को शिवपुर थाने लाया गया, जहां उससे पूछताछ की जा रही है।

पीड़ित छात्रा के पिता ने मीडिया से बातचीत में आरोपी के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की मांग की है। उनका कहना है कि स्कूल जैसे पवित्र स्थान पर इस तरह की हरकतें बेहद शर्मनाक हैं और ऐसे लोगों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाना चाहिए।

प्रशासन ने मामले की गंभीरता को देखते हुए प्रधानाचार्य पद्माकर सिंह को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है और आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जांच निष्पक्ष तरीके से की जाएगी और दोषी पाए जाने पर कड़ी कार्रवाई होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *