मंदिर से घंटा चोरी, मिठाई की दुकान से सीसीटीवी कैमरा भी ले उड़े चोर

Spread the love

वाराणसी। मंडुवाडीह थाना क्षेत्र में चोरों के हौसले लगातार बुलंद होते नजर आ रहे हैं। ताजा मामला कंचनपुर के पास लबे रोड स्थित एक मंदिर और पास की मिठाई की दुकान से जुड़ा है, जहां बीती रात अज्ञात चोरों ने मंदिर का घंटा और दुकान में लगा सीसीटीवी कैमरा चुरा लिया।

जानकारी के अनुसार कंचनपुर के पास स्थित श्री मुसरा वीर बाबा मंदिर में देर रात चोरों ने चोरी की घटना को अंजाम दिया। चोर मंदिर में लगा पीतल का घंटा खोलकर अपने साथ ले गए। इतना ही नहीं, पास में स्थित एक मिठाई की दुकान पर लगे सीसीटीवी कैमरे को भी उखाड़कर चोरी कर लिया, जिससे घटना की पहचान करना मुश्किल हो सके।

सुबह जब श्रद्धालु मंदिर में दर्शन करने पहुंचे तो उन्होंने देखा कि मंदिर का घंटा गायब है। इसके बाद आसपास के लोगों में चर्चा शुरू हो गई। वहीं पास की मिठाई की दुकान के मालिक बृजेश सिंह ने जब अपनी दुकान की जांच की तो पाया कि दुकान के बाहर लगा सीसीटीवी कैमरा भी चोरी हो चुका है।

घटना की जानकारी मिलने के बाद दुकानदार बृजेश सिंह ने पुलिस को प्रार्थना पत्र देकर कैमरा चोरी होने की शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है और आसपास के अन्य कैमरों की फुटेज खंगालकर चोरों की पहचान करने की कोशिश की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *