वाराणसी। कंदवा स्थित प्राचीन कर्दमेश्वर महादेव मंदिर में महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर भक्तों का जनसैलाब उमड़ पड़ा है। शनिवार देर रात से ही मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ जुटने लगी, जो लगातार “हर हर महादेव”, “जय भोलेनाथ”, “बोल बम” के जयघोष के साथ बाबा के दर्शन-पूजन में लीन है।

Spread the love

भक्त हाथों में बेलपत्र, धतूरा, फूल, जल और दूध लेकर बाबा को अर्पित कर आशीर्वाद प्राप्त कर रहे हैं। मंदिर में दर्शन के लिए श्रद्धालुओं की कतारें लगभग दो किलोमीटर तक दोनों ओर लगी हुई हैं। दूर-दूर से आए श्रद्धालु बड़ी श्रद्धा और आस्था के साथ कर्दमेश्वर बाबा के चरणों में शीश नवाकर मनोकामना कर रहे हैं।

सुरक्षा के कड़े इंतजाम

भीड़ को नियंत्रित करने और श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए मंदिर क्षेत्र में भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। प्रशासन द्वारा लगातार निगरानी रखी जा रही है ताकि किसी प्रकार की अव्यवस्था न हो। मंदिर के आसपास बैरिकेडिंग कर श्रद्धालुओं को व्यवस्थित तरीके से दर्शन कराया जा रहा है।

प्राचीन मंदिर का विशेष महत्व

कर्दमेश्वर महादेव मंदिर को वाराणसी के अत्यंत प्राचीन और प्रसिद्ध शिवालयों में गिना जाता है। मान्यता है कि इस मंदिर का इतिहास हजारों वर्षों पुराना है और यहां दर्शन करने से भक्तों की मनोकामनाएं पूर्ण होती हैं। शिवरात्रि पर यहां विशेष पूजा-अर्चना का अलग ही महत्व माना जाता है।

श्रद्धालुओं का कहना है कि कर्दमेश्वर बाबा के दर्शन मात्र से मन को शांति मिलती है और संकट दूर होते हैं। महाशिवरात्रि के मौके पर कर्दमेश्वर महादेव मंदिर पूरी तरह भक्ति, श्रद्धा और आस्था के रंग में रंगा हुआ नजर आ रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *