बिरला छात्रावास में एक बार फिर छात्रों का विरोध प्रदर्शन

Spread the love

काशी हिंदू विश्वविद्यालय (BHU) में एक बार फिर छात्रों का आक्रोश सड़कों पर देखने को मिला। बिरला छात्रावास के छात्रों ने कथित मारपीट और हंगामे के मामले को लेकर जोरदार प्रदर्शन किया। आक्रोशित छात्र सड़क पर बैठ गए और विश्वविद्यालय प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की।

छात्रों का आरोप है कि एक बेगुनाह छात्र को बिना ठोस कारण के छात्रावास से बाहर ले जाकर उसके खिलाफ कार्रवाई की गई। प्रदर्शन कर रहे छात्रों ने कहा कि जिस छात्र पर आरोप लगाए गए हैं, वह घटना के समय मौके पर मौजूद ही नहीं था, इसके बावजूद उसे दोषी ठहराया गया।

छात्रों ने विश्वविद्यालय की प्रॉक्टोरियल टीम पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि बिना निष्पक्ष जांच के झूठी कार्रवाई की जा रही है। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि मामले में एकतरफा कार्रवाई कर छात्रों को डराने और दबाने की कोशिश की जा रही है।

प्रदर्शन के चलते कुछ समय के लिए विश्वविद्यालय क्षेत्र में आवागमन भी प्रभावित रहा। मौके पर मौजूद सुरक्षाकर्मियों और प्रशासनिक अधिकारियों ने छात्रों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन छात्र निष्पक्ष जांच और बेगुनाह छात्र पर की गई कार्रवाई वापस लेने की मांग पर अड़े रहे।

छात्रों ने चेतावनी दी है कि यदि उनकी मांगों पर जल्द कार्रवाई नहीं की गई तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। वहीं, विश्वविद्यालय प्रशासन की ओर से समाचार लिखे जाने तक कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *