
वाराणसी में साइबर ठगी का बड़ा मामला सामने आया है। साइबर अपराधियों ने बैंक अकाउंट हैक कर 42.5 लाख रुपये की ठगी को अंजाम दिया। इस मामले में साइबर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए गिरोह के पांच सदस्यों को गिरफ्तार किया है। सभी आरोपी झारखंड के धनबाद जिले के रहने वाले बताए जा रहे हैं।
पुलिस के अनुसार ठगों ने पीड़ितों को फोन कर एक फर्जी लिंक भेजा था। लिंक पर क्लिक करते ही मोबाइल में मौजूद बैंकिंग जानकारी हैक हो गई, जिसके बाद आरोपियों ने खाते से 42.5 लाख रुपये निकाल लिए। ठगी की रकम को अलग-अलग खातों में ट्रांसफर कर उसका दुरुपयोग किया गया।
जांच के दौरान साइबर पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और बैंक ट्रांजेक्शन के आधार पर आरोपियों की पहचान की और धनबाद में दबिश देकर सभी पांचों अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपियों के पास से ठगी के पैसों से खरीदी गई एक कार भी बरामद की है।
साइबर पुलिस अधिकारियों ने बताया कि गिरोह लंबे समय से इस तरह की ठगी को अंजाम दे रहा था और अन्य मामलों में भी इनकी भूमिका की जांच की जा रही है। पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि किसी भी अनजान कॉल या लिंक पर क्लिक न करें और साइबर ठगी की सूचना तुरंत पुलिस को दें।
