वाराणसी। भेलूपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत केदार घाट पर गुरुवार सुबह गंगा स्नान के दौरान एक युवक की डूबने से दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद घाट पर अफरा-तफरी मच गई और साथ आए परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। मृतक की पहचान आयुष कुमार (18) के रूप में हुई है, जो झारखंड के धनबाद जिले का निवासी था।

Spread the love

प्राप्त जानकारी के अनुसार आयुष कुमार मूल रूप से बैंक कॉलोनी, गोविंदपुर, जिला धनबाद (झारखंड) का रहने वाला था। वह अपनी मां, नाना उपेंद्र सिन्हा और नानी के साथ वाराणसी भ्रमण पर आया हुआ था। परिजनों ने बताया कि आयुष ने हाल ही में पायलट की ट्रेनिंग पूरी की थी और घर लौटने के बाद परिवार के साथ धार्मिक यात्रा पर निकला था।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक गुरुवार सुबह आयुष केदार घाट पर गंगा स्नान कर रहा था। इसी दौरान वह अचानक गहरे पानी की ओर चला गया और संतुलन बिगड़ने से डूबने लगा। उसे डूबता देख नाना उपेंद्र सिन्हा ने शोर मचाया और आसपास मौजूद लोगों से मदद की गुहार लगाई।

सूचना मिलते ही मौके पर मौजूद स्वयंसेवी गोताखोर सनी, अजय और राकेश ने जल पुलिस के सहयोग से तुरंत सर्च ऑपरेशन शुरू किया। कड़ी मशक्कत के बाद युवक को गंगा नदी से बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उसकी हालत गंभीर हो चुकी थी। बचाने के प्रयास किए गए, मगर उसकी जान नहीं बचाई जा सकी।

घटना की जानकारी मिलते ही भेलूपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। पोस्टमार्टम की प्रक्रिया कराई जा रही है। वहीं पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।

इस घटना के बाद घाट पर मौजूद श्रद्धालुओं में भी शोक और चिंता का माहौल है। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि गंगा स्नान के दौरान सतर्क रहें और गहरे पानी में जाने से बचें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *