
वाराणसी के चेतगंज थाना पुलिस ने बंद मकान में हुई चोरी की घटना का सफल अनावरण करते हुए एक शातिर चोर को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी की ₹1.17 लाख नकदी बरामद की है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान अंकुर चौबे उर्फ लुलिया चौबे (20) निवासी काशीपुरा कॉलोनी, छित्तूपुर (मूल निवासी आरा, बिहार) के रूप में हुई है। उसकी गिरफ्तारी 18 जुलाई को लकड़ी मंडी तिराहा, चौकाघाट स्थित संपूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय की बाउंड्री के पास से की गई।
पुलिस के अनुसार, 13 जुलाई को जगतगंज-नाटी इमली क्षेत्र में बंद मकान का ताला तोड़कर नकदी और आभूषण चोरी किए जाने के मामले में चेतगंज थाने में मुकदमा दर्ज किया गया था। मुखबिर और सर्विलांस की मदद से आरोपी को गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में उसने अपने साथियों के साथ चोरी की वारदात को अंजाम देने और चोरी के गहने बेचकर रकम आपस में बांटने की बात स्वीकार की। उसने बताया कि कुछ पैसे मौज-मस्ती में खर्च कर दिए थे।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी के खिलाफ वाराणसी के विभिन्न थानों में चोरी, चोरी के माल की बरामदगी, धोखाधड़ी और अन्य मामलों के 15 से अधिक मुकदमे पहले से दर्ज हैं। मामले में अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।
