भेलूपुर के बजरडीहा में महीनों से बह रहा सीवर का पानी, हजारों घर प्रभावित

Spread the love

वाराणसी। शहर के भेलूपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत बजरडीहा स्थित रज़ा नगर मस्जिद के पास पिछले कई महीनों से सीवर का गंदा पानी सड़कों पर बह रहा है। समस्या इतनी गंभीर हो चुकी है कि स्थानीय लोगों का आना-जाना दूभर हो गया है। गंदे पानी से उठती बदबू और संक्रामक बीमारियों के खतरे ने आसपास के निवासियों की चिंता बढ़ा दी है। स्थानीय नागरिकों के अनुसार, इस क्षेत्र में करीब एक हजार से अधिक घर सीधे तौर पर प्रभावित हैं। रोजाना लोगों को सीवर युक्त पानी से होकर गुजरना पड़ रहा है। स्कूली बच्चों, बुजुर्गों और महिलाओं को विशेष रूप से कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।

बदबू और बीमारी का खतरा

मोहल्लेवासियों का कहना है कि लगातार बह रहे गंदे पानी के कारण अब दुर्गंध उठने लगी है। मच्छरों का प्रकोप बढ़ गया है, जिससे डेंगू, मलेरिया और अन्य संक्रामक रोगों का खतरा मंडरा रहा है। लोगों का आरोप है कि संबंधित विभाग और स्थानीय पार्षद को कई बार लिखित और मौखिक शिकायत दी जा चुकी है, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। स्थानीय निवासी ने कहा, “ऐसा लग रहा है कि अधिकारी किसी बड़ी बीमारी का इंतजार कर रहे हैं। जब तक कोई गंभीर घटना नहीं होगी, शायद तब तक समाधान नहीं होगा।”

प्रशासन पर लापरवाही का आरोप

क्षेत्रीय लोगों ने नगर निगम और जलकल विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि महीनों से समस्या बनी हुई है, लेकिन निरीक्षण तक नहीं किया गया। लगातार शिकायतों के बावजूद जिम्मेदार अधिकारियों का ध्यान इस ओर नहीं जा रहा है।

आंदोलन की चेतावनी

समस्या के समाधान में देरी से नाराज़ स्थानीय लोगों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही सीवर समस्या का स्थायी समाधान नहीं किया गया तो वे बड़ा आंदोलन करने को बाध्य होंगे। नागरिकों ने प्रशासन से तत्काल सीवर लाइन की मरम्मत, जल निकासी की व्यवस्था और नियमित सफाई अभियान चलाने की मांग की है। क्षेत्रवासियों का कहना है कि यह केवल असुविधा का मामला नहीं, बल्कि जनस्वास्थ्य से जुड़ा गंभीर मुद्दा है। अब देखना होगा कि प्रशासन इस समस्या पर कब संज्ञान लेता है और प्रभावित लोगों को राहत मिलती है।

स्थानिय निवासी.. शकिल, मौसिन
9305626813

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *