
वाराणसी के सिगरा थाना पुलिस ने अंतरजनपदीय वाहन चोर के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक शातिर अभियुक्त को गिरफ्तार कर चोरी की चार मोटरसाइकिल बरामद की हैं। पुलिस आयुक्त के निर्देश पर चलाए जा रहे अपराधियों के विरुद्ध अभियान के तहत यह कार्रवाई पुलिस उपायुक्त काशी जोन के निर्देशन में की गई। मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने 19 जुलाई 2026 को लहरतारा क्रॉसिंग के पास खाली स्थान से मिर्जापुर के कछवा थाना क्षेत्र के मझवा निवासी दिनेश कुमार वर्मा (30) को गिरफ्तार किया।
पूछताछ और बरामदगी में पुलिस ने चार चोरी की मोटरसाइकिल बरामद कीं, जिनमें एक बाइक सिगरा थाना, दो भेलूपुर थाना और एक लंका थाना क्षेत्र में दर्ज वाहन चोरी के मुकदमों से संबंधित है। इनमें नगर निगम वाराणसी के कर्मचारी की सुपर स्प्लेंडर बाइक भी शामिल है, जो अप्रैल 2026 में नगर निगम मुख्यालय के बाहर से चोरी हुई थी।
पुलिस के अनुसार आरोपी के खिलाफ वाराणसी और भदोही जनपद में वाहन चोरी, गैंगस्टर एक्ट समेत कई संगीन मुकदमे पहले से दर्ज हैं। बरामदगी और गिरफ्तारी के आधार पर पुलिस ने आवश्यक विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। इस सफलता में प्रभारी निरीक्षक शिवाकांत मिश्र सहित सिगरा थाना पुलिस टीम की प्रमुख भूमिका रही।
