वाराणसी PAC प्रशिक्षण केंद्र में नकल कांड: 600 प्रशिक्षु सिपाहियों की परीक्षा में धांधली, तीन PTI पकड़े गए

Spread the love

वाराणसी के 34वीं वाहिनी पीएसी भुल्लनपुर स्थित प्रशिक्षण केंद्र में आरटीसी परीक्षा के दौरान बड़े पैमाने पर नकल कराने का मामला सामने आया है। मंगलवार को आयोजित इस परीक्षा में करीब 600 प्रशिक्षु आरक्षी शामिल हुए थे। आरोप है कि परीक्षा के दौरान तीन पीटीआई और आईटीआई प्रशिक्षुओं को खुलेआम नकल करा रहे थे।

जानकारी के अनुसार परीक्षा चल रही थी, तभी अचानक निरीक्षण के लिए वरिष्ठ अधिकारी प्रशिक्षण केंद्र पहुंच गए। अधिकारियों को देखते ही परीक्षा कक्ष में अफरा-तफरी मच गई। इसी दौरान तीन पीटीआई प्रशिक्षुओं की कॉपियां लेकर जवाब लिखते हुए पकड़े गए। अधिकारियों की मौजूदगी देखकर तीनों मौके से भागने लगे, लेकिन संदेह होने पर अधिकारियों ने दौड़ाकर उन्हें पकड़ लिया।

जांच में सामने आया कि प्रशिक्षुओं को सामूहिक रूप से नकल कराई जा रही थी और इसमें एक राजपत्रित अधिकारी के सहयोग की भी आशंका जताई जा रही है। पकड़े गए आरोपियों की पहचान पीटीआई आशुतोष कुमार राय, राजू कुमार और विपुल कुमार मल्लिक के रूप में हुई है।

मामले की गंभीरता को देखते हुए आशुतोष कुमार राय और विपुल कुमार मल्लिक को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। वहीं आरोपी आरक्षी राजू कुमार के खिलाफ उसके संबंधित जनपद को पत्र लिखकर कार्रवाई कराने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।

पूरे प्रकरण की जांच सहायक सेनानायक (DSP स्तर) के अधिकारी को सौंप दी गई है। घटना की सूचना उच्च अधिकारियों को भी भेज दी गई है। पीएसी प्रशिक्षण केंद्र में सामने आए इस नकल कांड से विभाग में हड़कंप मच गया है। अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद दोषियों के खिलाफ सख्त विभागीय कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *