
वाराणसी पुलिस कमिश्नरेट की कोतवाली थाना पुलिस ने विधि विरुद्ध धर्म संपरिवर्तन (धर्मांतरण) से जुड़े मामले में फरार चल रहे ₹25 हजार के इनामी आरोपी मिट्ठू अंसारी उर्फ मोहम्मद कैफ (22) को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी बड़ागांव थाना क्षेत्र के रसूलपुर गांव का निवासी है और उसके खिलाफ कोतवाली थाने में बीएनएस की विभिन्न धाराओं तथा उत्तर प्रदेश विधि विरुद्ध धर्म संपरिवर्तन प्रतिषेध अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज है।
पुलिस के अनुसार, आरोपी की गिरफ्तारी के लिए न्यायालय से एनबीडब्ल्यू जारी था। मुखबिर की सूचना और सर्विलांस सेल की मदद से पुलिस टीम ने उसे मिर्जापुर जनपद के पड़री थाना क्षेत्र स्थित ग्राम कठनई में उसके मामा के घर से गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि मुकदमा दर्ज होने और परिवार के अन्य सदस्यों की गिरफ्तारी के बाद वह मुंबई में छिपकर रह रहा था। वह मामा से पैसे लेकर दूसरी जगह भागने की योजना बना रहा था, तभी पुलिस ने उसे दबोच लिया।
यह कार्रवाई पुलिस आयुक्त के निर्देश पर वांछित एवं फरार अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत की गई। गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।
