वाराणसी: भगवान जगन्नाथ रथयात्रा मेला-2026 की तैयारियां तेज, एडीसीपी गोमती ने समिति को दिए सुरक्षा के निर्देश

Spread the love

वाराणसी में 16 और 17 जुलाई को आयोजित होने वाले भगवान जगन्नाथ रथयात्रा मेला-2026 को सकुशल, सुरक्षित और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए तैयारियां तेज कर दी गई हैं। मंगलवार को अपर पुलिस उपायुक्त (गोमती जोन) नृपेन्द्र ने थाना राजातालाब में मेला प्रबंधन समिति के पदाधिकारियों के साथ बैठक कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने श्रद्धालुओं की सुरक्षा, भीड़ प्रबंधन, रथयात्रा मार्ग पर सुचारु व्यवस्था, महिलाओं, बच्चों और वरिष्ठ नागरिकों की सुरक्षा तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तत्काल पुलिस को सूचना देने पर विशेष जोर दिया। समिति से अतिक्रमण, अवैध पार्किंग और अफवाहों पर नियंत्रण में पुलिस का सहयोग करने की भी अपील की गई।

पुलिस ने रथयात्रा को लेकर विशेष रूट डायवर्जन भी जारी किया है। 16 और 17 जुलाई को लॉ कॉलेज, रानीबाजार से भैरोनाथ तालाब तक निकलने वाली रथयात्रा के दौरान जमुआ, जक्खिनी, हरपुर और राजातालाब-जंसा मार्ग पर यातायात व्यवस्था में बदलाव रहेगा। श्रद्धालुओं और आमजन से वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करने, डायवर्जन का पालन करने तथा किसी भी आपात स्थिति में तुरंत पुलिस को सूचना देने की अपील की गई है। रथयात्रा में रथ, हाथी, घोड़े और पारंपरिक आकर्षण शामिल होने से बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *