वाराणसी: एटीएम में प्लेट लगाकर ठगी करने वाले छह आरोपी गिरफ्तार, ₹39,800 नकद बरामद

Spread the love

वाराणसी के भेलूपुर थाना पुलिस ने एटीएम में लोहे की प्लेट लगाकर ग्राहकों के रुपये फंसाकर चोरी और धोखाधड़ी करने वाले छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से ₹39,800 नकद, घटना में प्रयुक्त चार लोहे की प्लेटें, एक सफेद टेप और एक काले रंग का मोटा कागज बरामद किया है।

पुलिस के अनुसार, एटीएम में प्लेट लगाकर रुपये चोरी करने की शिकायत मिलने पर भेलूपुर थाने में मुकदमा संख्या 0447/2026, धारा 318(4), 303(2) एवं बढ़ोतरी धारा 317(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया। जांच के दौरान पुलिस टीम ने बीएचयू कॉलोनी बैजनत्था बिरदोपुर के पास से छह आरोपियों—हिमांशु सिंह, आदर्श कुमार, सचिन कुमार, अभय राजपूत, राजकुमार और प्रिंस कुमार (सभी फतेहपुर निवासी)—को गिरफ्तार कर लिया।

पूछताछ में आरोपियों के पास से ठगी में प्रयुक्त सामग्री और नकदी बरामद हुई। पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी प्रिंस कुमार के खिलाफ फतेहपुर के मलवां थाने में भी धोखाधड़ी का एक मामला दर्ज है।

यह कार्रवाई पुलिस आयुक्त वाराणसी के निर्देश पर अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस उपायुक्त काशी जोन के निर्देशन में भेलूपुर थाना पुलिस एवं सर्विलांस टीम ने संयुक्त रूप से की। पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर गिरोह के अन्य सदस्यों और वारदातों के संबंध में जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *