
वाराणसी पुलिस कमिश्नरेट की चेतगंज थाना पुलिस ने टीजीटी परीक्षा में साल्वर गैंग के जरिए धोखाधड़ी कराने के मामले में वांछित एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस और मुखबिर की सूचना के आधार पर बलिया निवासी अमन कुमार (28) को उसके घर से गिरफ्तार किया। आरोपी के खिलाफ चेतगंज थाने में मु0अ0सं0 140/2026 के तहत बीएनएस की विभिन्न धाराओं तथा उत्तर प्रदेश सार्वजनिक परीक्षा (अनुचित साधनों का निवारण) अध्यादेश-2024 के तहत मुकदमा दर्ज है।
पुलिस के अनुसार, 4 जून 2026 को पीएम श्री क्वींस इंटर कॉलेज, लहुराबीर में आयोजित टीजीटी परीक्षा के दौरान मूल अभ्यर्थी की जगह दूसरे व्यक्ति को परीक्षा देते हुए पकड़े जाने के बाद मामला दर्ज किया गया था। इस प्रकरण में पहले ही फर्जी परीक्षार्थी और उसके सहयोगियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है। जांच के दौरान अमन कुमार की भूमिका सामने आने पर उसे भी गिरफ्तार कर लिया गया।
पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि टीजीटी परीक्षा पास करने के लिए उसने साल्वर गैंग की मदद से अपने स्थान पर दूसरे व्यक्ति को परीक्षा में बैठाया था। पुलिस आरोपी के खिलाफ अग्रिम विधिक कार्रवाई करते हुए पूरे नेटवर्क की जांच में जुटी है।
