नेपाल भागने की फिराक में तस्कर! कोतवाली पुलिस–SIT की बड़ी कार्रवाई, 5 गिरफ्तार

Spread the love

कोडीन युक्त कफ सिरप की तस्करी के मामले में कोतवाली पुलिस और एसआईटी की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 25-25 हजार रुपये के तीन इनामियों समेत पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। डीसीपी काशी जोन गौरव बंसवाल ने बताया कि सभी आरोपी नेपाल भागने की फिराक में थे और इनके खिलाफ पहले से लुक आउट नोटिस जारी था। पुलिस ने सभी को मिर्जापुर बाईपास भोरसर लिंक रोड से गिरफ्तार किया।
गिरफ्तार आरोपियों में सोनिया निवासी अमित जायसवाल, खोजवा निवासी दिवेश जायसवाल, अंकुश सिंह (तीनों पर 25-25 हजार रुपये का इनाम), घनश्याम तथा भेलूपुर के नवाबगंज निवासी अभिनव यादव शामिल हैं। पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि सिंडिकेट के सदस्य विभिन्न स्थानों पर बैठक कर कफ सिरप की तस्करी, पैसों के लेनदेन और बैंक खातों में रकम जमा कराने की रणनीति तैयार करते थे। तस्करी से जुड़े माल की आपूर्ति, नकद भुगतान और फर्मों के माध्यम से धन के लेनदेन की पूरी योजना बनाई जाती थी।

पुलिस के अनुसार, फर्मों के जरिए नकद और आरटीजीएस के माध्यम से पैसा जमा कराया जाता था और बाद में वही रकम अन्य फर्मों के जरिए वापस सिंडिकेट तक पहुंचाई जाती थी। जांच में सामने आया है कि करीब दो लाख बोतल कफ सिरप की तस्करी कर हवाला के माध्यम से लगभग 40 करोड़ रुपये का अवैध कारोबार किया गया, जिसमें से करीब 8 करोड़ रुपये का आर्थिक लाभ गिरफ्तार आरोपियों को हुआ। तस्करी का कुछ माल पश्चिम बंगाल, बिहार और त्रिपुरा में भी पकड़ा गया था, जिसके संबंध में नोटिस जारी हुए थे।
पुलिस का कहना है कि कई लोगों के दस्तावेज लेकर तस्करी के उद्देश्य से फर्में खुलवाई गई थीं और दस्तावेज उपलब्ध कराने वालों को इसके बदले कुछ रकम दी जाती थी। फिलहाल पुलिस पूरे नेटवर्क की जांच कर अन्य आरोपियों की तलाश में जुटी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *