नमो घाट घटना के बाद बाउंसर एजेंसियों पर उठे सवाल

Spread the love

वाराणसी के नमो घाट पर पर्यटक की कथित तौर पर बाउंसर्स द्वारा पीट-पीटकर हत्या किए जाने की घटना ने निजी सुरक्षा व्यवस्था और बाउंसर एजेंसियों की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। घटना के बाद लोगों में भारी आक्रोश है और प्राइवेट सिक्योरिटी के नाम पर संचालित हो रही बाउंसर एजेंसियों की जांच की मांग तेज हो गई है।

स्थानीय लोगों और सामाजिक संगठनों का कहना है कि इन एजेंसियों में काम करने वाले बाउंसर्स की ट्रेनिंग, चरित्र सत्यापन और नियुक्ति प्रक्रिया को लेकर कभी ठोस जांच नहीं होती। कई स्थानों पर बिना किसी पेशेवर प्रशिक्षण के युवकों को बाउंसर बनाकर तैनात कर दिया जाता है, जिसके चलते छोटी-छोटी बातों पर हिंसक घटनाएं सामने आती हैं।

लोगों ने सवाल उठाया कि जब किसी आवारा कुत्ते के काटने की घटना पर नगर निगम पूरे क्षेत्र में अभियान चलाता है, तो फिर किसी व्यक्ति की जान लेने वाले ऐसे “आवारा बाउंसर्स” पर कठोर कार्रवाई क्यों नहीं होनी चाहिए। उनका कहना है कि नमो घाट की यह घटना केवल एक स्थान तक सीमित नहीं है, बल्कि बनारस के कई बड़े-छोटे अस्पतालों, होटल, घाटों और कुछ सरकारी संस्थानों में भी इसी तरह के बाउंसर्स तैनात हैं।

सामाजिक कार्यकर्ताओं ने प्रशासन से मांग की है कि सभी निजी सुरक्षा एजेंसियों का सत्यापन कराया जाए, बाउंसर्स की ट्रेनिंग और लाइसेंस की जांच हो तथा दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकी जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *