नदेसर के होटल में महिला को गोली मारने वाला आरोपी गिरफ्तार, अवैध पिस्टल बरामद

Spread the love

वाराणसी। कैंट थाना क्षेत्र के नदेसर स्थित होटल वेस्ट इन में महिला पर गोली चलाने की सनसनीखेज घटना का पुलिस ने खुलासा करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के पास से अवैध .32 बोर पिस्टल और जिंदा कारतूस भी बरामद किया गया है।

पुलिस आयुक्त वाराणसी के निर्देश पर अपराध और अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस उपायुक्त वरुणा जोन, अपर पुलिस उपायुक्त वरुणा जोन और सहायक पुलिस आयुक्त सर्किल कैंट के पर्यवेक्षण में कैंट पुलिस ने यह कार्रवाई की।

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी की पहचान शुभम राय (34) पुत्र मनबोध सिंह निवासी चकलोला, थाना कपसेठी, जिला वाराणसी के रूप में हुई है। उसे 13 अप्रैल 2026 को दोपहर करीब 1:30 बजे सैनिक अस्पताल के पास से गिरफ्तार किया गया।

घटना 11 अप्रैल 2026 की है, जब एक युवक और युवती नदेसर स्थित होटल वेस्ट इन के कमरा नंबर 307 में ठहरे हुए थे। देर रात करीब दो बजे दोनों गले में तौलिया लपेटकर होटल से बाहर निकले और बताया कि उन्हें चोट लगी है। बाद में सिगरा स्थित सिंह हॉस्पिटल से पुलिस को सूचना मिली कि एक युवती को गोली लगी है। जांच में पता चला कि आपसी विवाद के दौरान शुभम राय ने युवती को गोली मार दी थी।

कैंट पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। उसके कब्जे से एक अवैध पिस्टल, एक जिंदा कारतूस, एक खोखा, 1060 रुपये नकद और एक एंड्रॉयड मोबाइल फोन बरामद किया गया।

इस कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक शिवाकांत मिश्र, उपनिरीक्षक सत्यम कुमार चौरसिया, उपनिरीक्षक सुमित पांडेय सहित पुलिस टीम शामिल रही। मामले में आगे की विधिक कार्रवाई जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *