वाराणसी: लंका पुलिस ने स्कूटी चोरी करने वाले दो शातिर चोर व दो बाल अपचारी पकड़े, चोरी की स्कूटी बरामद

Spread the love

वाराणसी के लंका थाना पुलिस ने स्कूटी चोरी की घटना का खुलासा करते हुए दो अभियुक्तों और दो बाल अपचारियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से चोरी की एक स्कूटी भी बरामद की है। यह कार्रवाई पुलिस आयुक्त के निर्देश पर अपराध नियंत्रण और चोरी की घटनाओं के अनावरण के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत की गई।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान कृष कुमार पटेल (19) निवासी शिवपुर, थाना बबुरी, चंदौली तथा जतिन शर्मा (21) निवासी धर्मबीर नगर कॉलोनी, सुसुवाही, चितईपुर के रूप में हुई है। इनके साथ 17 और 16 वर्ष के दो बाल अपचारी भी पकड़े गए हैं।

पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे चारों मिलकर श्यामा नगर कॉलोनी स्थित एक मकान की पार्किंग में घुसे थे। वहां खड़ी कई गाड़ियों में चाबी लगाने का प्रयास किया, लेकिन एक स्कूटी का लॉक खुल गया। इसके बाद स्कूटी लेकर घूमे, उसका पेट्रोल निकाला और नुआंव सब्जी मंडी के पास एक बेसमेंट पार्किंग में छिपा दिया। बाद में स्कूटी का डबल स्टैंड और कुछ अन्य पार्ट्स निकालकर बेच दिए।

लंका पुलिस ने आरोपियों को नुआंव सब्जी मंडी के पास से गिरफ्तार कर आवश्यक विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *