
वाराणसी के चेतगंज थाना पुलिस ने स्वर्ण व्यवसायी का सोना गबन कर फरार हुए एक कर्मचारी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से कुल 131.760 ग्राम पीली धातु के आभूषण बरामद किए हैं। गिरफ्तार आरोपी की पहचान शरद कुमार (27) निवासी काशीपुरा, थाना चौक के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार आरोपी बनारस स्वर्णकला केंद्र में कार्यरत था। उस पर नए आभूषण बनाने के लिए दिए गए 35 ग्राम शुद्ध सोने और मरम्मत के लिए मिले 368.500 ग्राम सोने का गबन करने का आरोप है। इस संबंध में चेतगंज थाने में मुकदमा दर्ज कर जांच की जा रही थी।
मुखबिर और इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस की मदद से पुलिस ने 17 जुलाई को लकड़ी मंडी स्थित हनुमान मंदिर के पास से आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि वह लंबे समय से थोड़ा-थोड़ा सोना गबन करता रहा और हिसाब मांगे जाने पर पकड़े जाने के डर से राजस्थान भाग गया था। मां से मिलने वाराणसी लौटने पर वह पुलिस के हत्थे चढ़ गया। बरामदगी में चूड़ी, कंगन, रुद्राक्ष, कच्चा सोना, जड़ाऊ कान का झाला और जड़ाऊ हार शामिल हैं। पुलिस आरोपी के विरुद्ध अग्रिम विधिक कार्रवाई कर रही है।
