
वाराणसी पुलिस कमिश्नरेट के गोमती जोन अंतर्गत जंसा थाने में शनिवार को हिस्ट्रीशीटरों की परेड आयोजित की गई। यह कार्रवाई पुलिस उपायुक्त गोमती जोन के निर्देशन में थानाध्यक्ष उपनिरीक्षक सत्यजीत सिंह के नेतृत्व में संपन्न हुई। परेड के दौरान थाने पर पंजीकृत सभी हिस्ट्रीशीटरों की उपस्थिति सुनिश्चित कर उनका सत्यापन किया गया। पुलिस ने उनके वर्तमान निवास, व्यवसाय और गतिविधियों की जानकारी भी जुटाई।
इस दौरान सभी हिस्ट्रीशीटरों को भविष्य में किसी भी प्रकार की आपराधिक एवं असामाजिक गतिविधियों से दूर रहने, कानून का पालन करने तथा क्षेत्र में शांति और सौहार्द बनाए रखने के लिए निर्देशित किया गया। पुलिस ने उनसे शपथ दिलाई कि वे किसी भी अवैध कार्य में शामिल नहीं होंगे, ईमानदारी से अपने वैध व्यवसाय और कार्यों पर ध्यान देंगे तथा समाज के जिम्मेदार नागरिक के रूप में जीवन व्यतीत करेंगे।
पुलिस ने स्पष्ट चेतावनी दी कि यदि भविष्य में कोई भी हिस्ट्रीशीटर अवैध गतिविधियों में संलिप्त पाया गया तो उसके खिलाफ विधिसम्मत कठोर कार्रवाई की जाएगी। अधिकारियों ने बताया कि अपराध पर प्रभावी नियंत्रण, कानून-व्यवस्था बनाए रखने और अपराध की पुनरावृत्ति रोकने के उद्देश्य से हिस्ट्रीशीटरों की नियमित निगरानी, सत्यापन, परेड और आवश्यकतानुसार काउंसलिंग की कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी।
