वाराणसी: शादी का झांसा देकर दुष्कर्म के आरोपी को मंडुआडीह पुलिस ने किया गिरफ्तार

Spread the love

वाराणसी के मंडुआडीह थाना क्षेत्र में शादी का झांसा देकर दुष्कर्म करने, मारपीट, गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी देने के आरोप में पुलिस ने एक नामजद आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, लहरतारा निवासी एक महिला की तहरीर पर 24 जुलाई को आरोपी किशन कुमार के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 69, 115(2), 352 और 351(3) के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था।

शिकायत में आरोप लगाया गया कि आरोपी ने शादी का वादा कर महिला से शारीरिक संबंध बनाए और बाद में विरोध करने पर उसके साथ मारपीट की, गाली-गलौज की तथा जान से मारने की धमकी दी। मामले की विवेचना उपनिरीक्षक प्रवीण सचान द्वारा की जा रही है।

पुलिस ने शनिवार तड़के करीब 12:25 बजे बरेका (बीएलडब्ल्यू) आवासीय परिसर से आरोपी किशन कुमार (30), निवासी लहरतारा, को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने महिला से मित्रता और आपसी सहमति से संबंध होने का दावा किया। साथ ही उसने बताया कि मुकदमा दर्ज होने की जानकारी मिलने के बाद वह वाराणसी छोड़कर जाने की तैयारी में था, लेकिन उससे पहले पुलिस ने उसे दबोच लिया।

गिरफ्तारी करने वाली टीम में उपनिरीक्षक प्रवीण सचान, उपनिरीक्षक विवेक यादव, फैंटम-48 के कांस्टेबल अमित कुमार तिवारी और कांस्टेबल संदीप शाह शामिल रहे। पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *