बरेका में 80वां स्वतंत्रता दिवस समारोह हर्षोल्लास से सम्पन्न

Spread the love

वाराणसी। बनारस रेल इंजन कारखाना (बरेका) में 80वां स्वतंत्रता दिवस समारोह शनिवार को हर्षोल्लास, गरिमा और देशभक्ति के वातावरण में मनाया गया। बरेका स्टेडियम में आयोजित मुख्य समारोह में महाप्रबंधक श्री आशुतोष पंत ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया और परेड की सलामी ली। इस दौरान रेलवे सुरक्षा बल, सेंट जॉन्स एम्बुलेंस ब्रिगेड, नागरिक सुरक्षा दल, भारत स्काउट एवं गाइड सहित विभिन्न टुकड़ियों ने परेड में हिस्सा लिया।

अपने संबोधन में महाप्रबंधक ने स्वतंत्रता संग्राम के वीर शहीदों और राष्ट्र निर्माताओं को नमन करते हुए कहा कि देश की स्वतंत्रता असंख्य बलिदानों का परिणाम है। उन्होंने कहा कि “बरेका सिर्फ एक कारखाना नहीं है, बरेका है—विरासत बनारस की, गति आधुनिक भारत की।”

उन्होंने बताया कि वित्तीय वर्ष 2025-26 में बरेका ने रिकॉर्ड 572 रेल इंजनों का निर्माण किया। वहीं 2026-27 में 460 विद्युत रेल इंजनों के निर्माण का लक्ष्य है। जुलाई 2026 में 65 विद्युत लोकोमोटिव का सर्वाधिक मासिक उत्पादन दर्ज किया गया। बरेका अब तक 11,400 से अधिक रेल इंजनों का निर्माण कर चुका है और 11 देशों को 180 से अधिक लोकोमोटिव निर्यात किए जा चुके हैं।

समारोह में मेधावी विद्यार्थियों को सम्मानित करने के साथ दिव्यांग कर्मचारियों एवं उनके आश्रितों को सहायक उपकरण और स्मार्ट ग्लास वितरित किए गए। बच्चों ने देशभक्ति एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। समारोह के बाद महाप्रबंधक ने बरेका चिकित्सालय में एडवांस्ड हाईटेक मॉड्यूलर ऑपरेशन थिएटर का उद्घाटन किया और मरीजों का हालचाल जाना।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *