
वाराणसी कमिश्नरेट पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। थाना भेलूपुर और थाना चौक की संयुक्त टीम ने अनैतिक देह व्यापार मामले में 25 हजार रुपये के इनामी आरोपी अविनाश सिंह उर्फ अनीस को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपी मूल रूप से बिहार के गोपालगंज जिले का निवासी है और लंबे समय से फरार चल रहा था। उसके खिलाफ भेलूपुर थाने में अनैतिक देह व्यापार अधिनियम की विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज है। पुलिस टीम ने उसे ग्रेटर नोएडा के अल्फा-2 क्षेत्र से 1 जुलाई को हिरासत में लेकर वाराणसी लाया। यह कार्रवाई पुलिस आयुक्त के निर्देश पर अपराधियों और फरार आरोपियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत की गई। आरोपी पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित था। पुलिस ने उसे न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है तथा मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।
