
वाराणसी के चोलापुर थाना पुलिस ने ऑपरेशन चक्रव्यूह के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए फर्जी दरोगा बनकर लोगों से ठगी और धन उगाही करने वाले एक युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी राजन प्रजापति (23) निवासी इन्द्रपुर, थाना शिवपुर को आयर बाजार औरा नहर के पास से गिरफ्तार किया। उसके कब्जे से पुलिस की खाकी वर्दी, स्टार, बेल्ट, कैप, जूते, यूपी पुलिस बैज, तीन फर्जी पुलिस आईडी कार्ड, कथित नियुक्ति पत्र, दो मोबाइल फोन, आधार कार्ड, पैन कार्ड, एटीएम कार्ड, बैग, पर्स, इयरफोन और 1200 रुपये नकद बरामद हुए।
पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि वह दरोगा की वर्दी पहनकर लोगों पर रौब जमाता था और पुलिस में नौकरी दिलाने के नाम पर रुपये ऐंठता था। उसने यह भी कबूला कि सिंधौरा क्षेत्र के एक युवक से पुलिस में भर्ती कराने के नाम पर एक लाख रुपये लेकर खर्च कर चुका है। इसके अलावा वह चेकिंग के नाम पर भी लोगों से अवैध वसूली करता था।
बरामदगी और साक्ष्यों के आधार पर चोलापुर थाने में विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस आरोपी के अन्य संभावित शिकारों और उसके नेटवर्क की भी जांच कर रही है।
