
वाराणसी के लोहता थाना क्षेत्र में प्राणघातक हमला कर एक व्यक्ति को गंभीर रूप से घायल करने के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन नामजद आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस आयुक्त के निर्देश पर अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत वरुणा जोन पुलिस ने यह सफलता हासिल की।
पुलिस के अनुसार, 28 जून 2026 को पीड़ित की ओर से लोहता थाने में शिकायत दर्ज कराई गई थी कि आरोपियों ने जानलेवा हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया। शिकायत के आधार पर थाना लोहता में संबंधित धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।
जांच के दौरान थाना लोहता पुलिस ने मंगलवार सुबह 6:40 बजे धन्नीपुर तिराहे से तीनों नामजद आरोपियों शमशेर (22), सोनू (23) और नसीम (55) को गिरफ्तार कर लिया। तीनों आरोपी कन्हई सराय, हरपालपुर स्थित मस्तान बाबा के सामने के निवासी हैं।
पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों के विरुद्ध दर्ज मुकदमे में अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है। गिरफ्तारी अभियान का नेतृत्व थानाध्यक्ष दिगंबर उपाध्याय ने किया। टीम में उपनिरीक्षक ऋतुराज सिंह, उपनिरीक्षक रवि गोड़, हेड कांस्टेबल सत्यप्रकाश सिंह, हेड कांस्टेबल जुबेर खां और आरक्षी धनेश्वर शामिल रहे।
