वाराणसी के शिवपुर थाना क्षेत्र स्थित यूपी कॉलेज में शुक्रवार को छात्रों के दो गुटों के बीच हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। जानकारी के अनुसार कॉलेज परिसर में किसी बात को लेकर छात्रों के दो गुटों में पहले कहासुनी हुई, जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गई। इसी दौरान फायरिंग हो गई, जिसमें एक छात्र को तीन गोलियां लग गईं।
गोली लगने से गंभीर रूप से घायल छात्र को तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। छात्र की मौत की खबर फैलते ही कॉलेज परिसर में तनाव का माहौल बन गया और बड़ी संख्या में छात्र आक्रोशित हो उठे।
घटना के बाद कैंपस में छात्रों ने उग्र प्रदर्शन शुरू कर दिया। गुस्साए छात्रों ने कॉलेज परिसर में तोड़फोड़ भी की और प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। हालात बिगड़ते देख मौके पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया।
स्थिति को नियंत्रित करने के लिए शिवपुर थाना सहित वाराणसी के आधा दर्जन से अधिक थानों की पुलिस फोर्स और पीएसी को मौके पर बुलाया गया है। पुलिस अधिकारी लगातार छात्रों को समझाकर माहौल शांत कराने की कोशिश कर रहे हैं।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है और फायरिंग करने वाले आरोपियों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। कैंपस में तनाव को देखते हुए सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। वहीं, छात्र की मौत के बाद कॉलेज प्रशासन के खिलाफ छात्रों में भारी आक्रोश देखने को मिल रहा है।
