
वाराणसी की 34वीं वाहिनी पीएसी परिसर में रविवार को बृहद वृक्षारोपण अभियान-2026 के तहत पर्यावरण संरक्षण और हरित उत्तर प्रदेश के संकल्प को साकार करने के उद्देश्य से विशाल वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। अभियान का शुभारंभ सेनानायक डॉ. मीनाक्षी कात्यायन (आईपीएस) ने पौधारोपण कर किया। इस दौरान वाहिनी के अधिकारियों, कर्मचारियों और जवानों ने उत्साहपूर्वक विभिन्न प्रजातियों के पौधे लगाए तथा उनके संरक्षण और नियमित देखभाल का संकल्प लिया।
कार्यक्रम के तहत वाराणसी वन विभाग द्वारा उपलब्ध कराए गए 4,800 पौधों के साथ-साथ वाहिनी स्तर पर तैयार किए गए विभिन्न फलदार पौधों का भी संयुक्त रूप से रोपण किया गया। सेनानायक डॉ. मीनाक्षी कात्यायन ने कहा कि वृक्ष मानव जीवन का आधार हैं और पर्यावरण संतुलन बनाए रखने, जलवायु परिवर्तन के दुष्प्रभावों को कम करने तथा आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ एवं हरित वातावरण देने के लिए अधिक से अधिक वृक्षारोपण आवश्यक है। उन्होंने सभी से लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल करने और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक रहने की अपील की।
कार्यक्रम का समापन पर्यावरण संरक्षण के सामूहिक संकल्प के साथ हुआ। इस अवसर पर उप सेनानायक राजकुमार (पीपीएस), सहायक सेनानायक मो. फाजिल सिद्दीकी, शिविरपाल तेज बहादुर सिंह यादव, सहायक शिविरपाल अभिषेक पाण्डेय सहित वाहिनी के सभी अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।
