वाराणसी: रोहनियां पुलिस ने 5 घंटे में चोरी का खुलासा, आरोपी गिरफ्तार, चोरी के गहने बरामद

Spread the love

वाराणसी के रोहनियां थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चोरी के एक मामले का महज पांच घंटे में सफल अनावरण कर एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी किए गए पीली और सफेद धातु के आभूषण तथा 40 रुपये नकद बरामद किए हैं।

पुलिस आयुक्त वाराणसी के निर्देश पर अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत डीसीपी वरुणा जोन के निर्देशन और एसीपी रोहनियां के नेतृत्व में “ऑपरेशन चक्रव्यूह” के अंतर्गत इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों और मुखबिर की सूचना के आधार पर कार्रवाई की गई। गिरफ्तार आरोपी की पहचान विकास साहनी (19 वर्ष), निवासी नई बस्ती टिकरी, थाना चितईपुर के रूप में हुई। उसे मंगलवार सुबह करीब 4:40 बजे वीएनएस गेट के पास सर्विस लेन, अखरी बाईपास से गिरफ्तार किया गया।

दरअसल, 13 जुलाई को अजय कुमार पटेल ने अपने घर की अलमारी का ताला तोड़कर गहने और नकदी चोरी होने की शिकायत रोहनियां थाने में दर्ज कराई थी। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की और कुछ ही घंटों में आरोपी तक पहुंच गई।

बरामद सामान में करधनी, पायल, हथफूल, मंगलसूत्र, चेन, मांगटीका, नथिया, कान की बाली, कनफूल, बच्चे की हाय सहित अन्य आभूषण शामिल हैं। पुलिस आरोपी के खिलाफ आगे की विधिक कार्रवाई कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *