
वाराणसी के भेलूपुर थाना पुलिस ने चोरी के एक मामले का खुलासा करते हुए दो वांछित आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से करीब 4 लाख रुपये मूल्य के चोरी किए गए सोने-चांदी के आभूषण तथा 9 हजार रुपये नकद बरामद किए हैं।
पुलिस आयुक्त के निर्देश पर अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत डीसीपी काशी जोन के निर्देशन में भेलूपुर पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर रविवार तड़के करीब 2 बजे गुरुधाम चौराहे के पास से अभिषेक गुप्ता उर्फ गोलू (22) निवासी काश्मीरीगंज, भेलूपुर तथा राहुल सोनी (30) को गिरफ्तार किया।
पूछताछ में सामने आया कि दोनों ने भेलूपुर क्षेत्र में एक घर का ताला तोड़कर आभूषण और नकदी चोरी की थी। इस संबंध में थाना भेलूपुर में मु0अ0सं0 0415/2026 के तहत मामला दर्ज है। बरामद सामान में सोने-चांदी के विभिन्न आभूषण जैसे अंगूठी, चैन, मंगलसूत्र, ब्रेसलेट, पायल, बिछिया, कान की बाली, नाक की लौंग सहित अन्य जेवर शामिल हैं।
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ आवश्यक विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। गिरफ्तारी करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक दुर्गा सिंह, उपनिरीक्षक रणजीत श्रीवास्तव, उपनिरीक्षक शिवनारायण तथा आरक्षी पन्नेलाल शामिल रहे।
