वाराणसी के सिगरा थाना क्षेत्र के अन्तर्गत महमुरगंज सिगरा रोड़ पदमिनी होटल के पास सुनील यादव के निर्माणाधीन मकान का छज्जा गिरने से बड़ा हादसा हो गया। हादसे में कई मजदूर घायल हुए, जबकि एक युवक की हालत गंभीर बताई जा रही है। पीड़ित पक्ष की शिकायत पर मकान मालिक के खिलाफ पुलिस ने गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार वाराणसी कमिश्नरेट के सिगरा थाना क्षेत्र महमुरगंज इलाके में 23 अप्रैल 2026 को निर्माणाधीन मकान में काम के दौरान अचानक छज्जा गिर गया। हादसे के समय कई मजदूर मकान पर कार्य कर रहे थे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार मकान मालिक द्वारा सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम नहीं किए गए थे।
शिकायतकर्ता बेलाल अली ने पुलिस को दी तहरीर में आरोप लगाया कि उनका भतीजा मोहम्मद साहिल समेत कई मजदूर मकान निर्माण कार्य में लगे थे। इसी दौरान मकान का छज्जा टूटकर गिर पड़ा, जिससे वहां मौजूद मजदूर मलबे में दब गए। हादसे में तीन लोगों को मामूली चोटें आईं, जबकि मोहम्मद साहिल गंभीर रूप से घायल हो गया।
परिजनों का आरोप है कि घायल युवक के हाथ और चेहरे पर गंभीर चोटें आई हैं तथा उसकी हालत चिंताजनक बनी हुई है। शिकायत में यह भी कहा गया कि घटना के बाद मकान मालिक ने मजदूरों की सुरक्षा को लेकर कोई जिम्मेदारी नहीं ली।
मामले को गंभीरता से लेते हुए सिगरा थाना पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 125(b) और 290 के तहत FIR संख्या 0171/2026 दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस के अनुसार घटना निर्माण कार्य में लापरवाही से जुड़ी प्रतीत हो रही है। निर्माण स्थल की सुरक्षा व्यवस्था, मकान मालिक की जिम्मेदारी और घायल मजदूरों के बयान के आधार पर जांच आगे बढ़ाई जा रही है।
