
वाराणसी के सारनाथ थाना पुलिस ने किशोरी को बहला-फुसलाकर ले जाने के मामले में नामजद आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। इससे पहले पुलिस ने 12 जुलाई को 17 वर्षीय पीड़िता को सकुशल बरामद कर लिया था। आरोपी के खिलाफ अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस आयुक्त वाराणसी के निर्देश पर अपहृत व्यक्तियों की बरामदगी और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत डीसीपी वरुणा जोन के निर्देशन, एडीसीपी के पर्यवेक्षण तथा एसीपी सारनाथ के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई। मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने विशाल राजभर उर्फ विशाल कश्यप (21 वर्ष) निवासी लेढूपुर, थाना सारनाथ को मंगलवार सुबह करीब 11:10 बजे हिरामनपुर रेलवे क्रॉसिंग के पास से गिरफ्तार किया।
पुलिस के अनुसार, 16 मई 2026 को किशोरी की मां ने शिकायत दर्ज कराई थी कि उनकी नाबालिग बेटी कोचिंग जाने के लिए घर से निकली थी, लेकिन वापस नहीं लौटी। इस संबंध में संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई थी। विवेचना के दौरान पुलिस ने पहले पीड़िता को सुरक्षित बरामद किया और अब नामजद आरोपी को भी गिरफ्तार कर लिया। मामले में आगे की विधिक कार्रवाई जारी है।
