वाराणसी: मासिक अपराध समीक्षा बैठक में पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल के सख्त निर्देश, साइबर अपराधियों और शोहदों पर चलेगा अभियान

Spread the love

वाराणसी पुलिस कमिश्नरेट में शुक्रवार को यातायात लाइन सभागार में आयोजित मासिक अपराध समीक्षा बैठक में पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल ने सख्त एवं सक्रिय पुलिसिंग पर जोर देते हुए कई महत्वपूर्ण निर्देश जारी किए। बैठक में प्रशासनिक फेरबदल के तहत चौबेपुर, जंसा और साइबर क्राइम थाना सहित चार निरीक्षक एवं उपनिरीक्षकों के स्थानांतरण भी किए गए।

पुलिस आयुक्त ने Cy-Vazra अभियान के तहत सभी थाना प्रभारियों को साइबर अपराध के मामलों में प्रभावी कार्रवाई, फ्रॉड मोबाइल नंबर, म्यूल अकाउंट और साइबर हॉटस्पॉट के खिलाफ अभियान चलाने के निर्देश दिए। साथ ही विवेचनाओं का 60/90 दिन की समयसीमा से पहले निस्तारण, ई-साक्ष्य और ई-समन प्रणाली का शत-प्रतिशत पालन सुनिश्चित करने को कहा।

बैठक में चैन स्नैचिंग, लूट, चोरी, गोकशी, धर्मांतरण और संगठित अपराध से जुड़े अपराधियों पर कड़ी निगरानी रखने, स्कूल-कॉलेज खुलने के मद्देनजर एंटी रोमियो अभियान चलाने तथा शोहदों के खिलाफ कठोर कार्रवाई के निर्देश दिए गए। पुलिस आयुक्त ने RTC योजना के तहत चिन्हित प्रमुख मार्गों से अतिक्रमण हटाकर यातायात सुगम बनाने और Zero Fatality District अभियान के तहत रॉन्ग साइड ड्राइविंग, अवैध पार्किंग और दुर्घटना संभावित स्थलों पर विशेष कार्रवाई करने को कहा।

श्रावण माह की तैयारियों की समीक्षा करते हुए काशी विश्वनाथ मंदिर सहित प्रमुख मंदिरों, कांवड़ मार्गों और घाटों पर सुरक्षा, भीड़ प्रबंधन, सीसीटीवी, ड्रोन निगरानी, सहायता केंद्र और पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए। बैठक में सभी राजपत्रित अधिकारी, थाना प्रभारी और अन्य पुलिस अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *