चौकी पर समझौते के बाद बिगड़ी हालत, परिजनों ने हत्या का लगाया आरोप
रोहनिया।स्थानीय थाना क्षेत्र के भदवर चौकी अंतर्गत पंडितपुर गांव में एक किशोर की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। आरोप है कि मोबाइल चोरी के शक में पड़ोसी गांव के कुछ लोगों ने किशोर की बेरहमी से पिटाई कर दी, जिसके बाद इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।मृतक की पहचान सोनू अली के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार शनिवार रात करीब 15 लोग उनके घर पहुंचे और सोनू को मारते-पीटते हुए जबरन उठा ले गए। आरोप है कि हाईवे स्थित पेट्रोल पंप के पास उसकी जमकर पिटाई की गई, जिसके बाद उसे भदवर चौकी लाया गया।परिजनों का कहना है कि चौकी पर पहुंचने के समय सोनू की हालत गंभीर थी। पहले उसे एक स्थानीय क्लिनिक ले जाया गया, जहां डॉक्टर ने हालत नाजुक देखते हुए बड़े अस्पताल रेफर कर दिया। इसके बाद उसे भदवर स्थित हेरिटेज मेडिकल अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।मृतक की मां शहाना ने आरोप लगाया कि मोबाइल चोरी का आरोप महज बहाना था।उनका कहना है कि आरोपित पशु तस्करी के धंधे में लिप्त हैं और उन्हें शक था कि सोनू पुलिस को सूचना देता है। इसी रंजिश में उसकी पिटाई कर हत्या कर दी गई।वहीं आरोपित पक्ष के रमेश पटेल उर्फ बबलू निवासी घमहापुर का कहना है कि सोनू ने उनकी कबाड़ी की दुकान से मोबाइल चोरी किया था।जानकारी मिलने पर वे पूछताछ के लिए उसके घर गए थे, जहां विवाद हो गया। इसके बाद शनिवार शाम कुछ लोगों के साथ सोनू को चौकी लाया गया, जहां पंचायत के दौरान उसकी तबीयत बिगड़ गई।भदवर चौकी प्रभारी के अनुसार, दोनों पक्षों के लोग चौकी पर आए थे और आपसी बातचीत के बाद समझौता हो गया था। उस दौरान किशोर सामान्य स्थिति में दिख रहा था, हालांकि कुछ लोगों ने उसके नशे में होने की बात कही थी। बाद में उसकी मौत की सूचना मिलने पर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और परिजनों की तहरीर के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।बताया जा रहा है कि सोनू राजगीर मिस्त्री का काम करता था। वह तीन भाइयों में सबसे बड़ा था और परिवार में एक बहन भी है। उसके पिता का पहले ही निधन हो चुका है।
