मजदूरों से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली पलटी, एक की मौत

Spread the love

तीव्र मोड़ पर अनियंत्रित होकर गड्ढे में गिरी ट्रॉली, 24 लोग थे सवार, युवक की मौत से मातम

मिर्जामुराद।स्थानीय थाना अंतर्गत लालपुर गांव के पास शुक्रवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। शीतला धाम से दर्शन-पूजन कर लौट रहे मजदूरों से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली तीव्र मोड़ पर अनियंत्रित होकर सड़क किनारे गहरे गड्ढे में जा गिरी। इस हादसे में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक दर्जन से अधिक लोग घायल हो गए। कई घायलों की हालत गंभीर बनी हुई है।प्राप्त जानकारी के अनुसार, ट्रैक्टर-ट्रॉली पर कुल 24 लोग सवार थे। सभी लोग झारखंड के लोहरदगा जनपद के निवासी मजदूर थे, जो अर्जुनपुर के पास स्थित एक ईंट-भट्टे पर काम करने के लिए तीन दिन पूर्व ही यहां आए थे। शुक्रवार को सभी लोग अदलपुर स्थित शीतला धाम में दर्शन-पूजन करने गए थे और वापस लौटते समय यह हादसा हो गया।
बताया जा रहा है कि जैसे ही ट्रैक्टर-ट्रॉली लालपुर गांव के समीप तीव्र मोड़ पर पहुंची, चालक का संतुलन बिगड़ गया। तेज रफ्तार और मोड़ की तीव्रता के कारण ट्रॉली अनियंत्रित होकर सड़क किनारे गहरे गड्ढे में पलट गई। हादसा अचानक हुआ और सवार लोग संभल नहीं सके।
इस हादसे में मृतक की पहचान रिंकू (उम्र लगभग 20 वर्ष) के रूप में हुई है। वह ट्रैक्टर के आगे बैठा था। रिंकू तीन भाइयों और एक बहन में सबसे बड़ा था और उसके पीछे दो वर्ष की एक मासूम बच्ची भी है। उसकी मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया है।
घायलों में जयराम, वीरेंद्र, प्रियांशु, मंजू, मंगल, प्रदीप और संदीप शामिल हैं, जबकि इनके अतिरिक्त आठ अन्य लोग भी घायल हुए हैं। सभी घायल लोहरदगा (झारखंड) के निवासी बताए जा रहे हैं। घायलों को एंबुलेंस के माध्यम से नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद कुछ की हालत गंभीर होने पर उन्हें वाराणसी के ट्रॉमा सेंटर रेफर किया गया है।
हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। आसपास के ग्रामीणों ने तत्काल पहुंचकर घायलों को बाहर निकाला और पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही मिर्जामुराद पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और ट्रैक्टर-ट्रॉली को भी कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। इस घटना के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है। रोजी-रोटी के लिए दूर प्रदेश से आए मजदूरों के साथ हुई इस दुर्घटना ने कई परिवारों को गहरे सदमे में डाल दिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *