यूपी कॉलेज हत्याकांड: छात्रों का उबाल, मुख्य गेट पर धरना; प्रशासन पर लापरवाही के आरोप

Spread the love

वाराणसी। यूपी कॉलेज में बीएससी छात्र सूर्य प्रताप सिंह की हत्या के बाद परिसर का माहौल बेहद तनावपूर्ण हो गया है। घटना के विरोध में हॉस्टल के छात्रों ने कॉलेज के मुख्य गेट पर धरना शुरू कर दिया है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। छात्रों ने पूरे मामले में कॉलेज प्रशासन की भूमिका पर भी गंभीर सवाल उठाए हैं।

धरने पर बैठे छात्रों का आरोप है कि कॉलेज के प्रिंसिपल धर्मेंद्र सिंह ने ही सूर्य प्रताप सिंह को फोन कर कॉलेज बुलाया था। छात्रों के मुताबिक सूर्य प्रताप ने तबीयत खराब होने और टाइफाइड से पीड़ित होने की बात कहते हुए सोमवार को आने की जानकारी दी थी, लेकिन प्रिंसिपल ने उन्हें तत्काल कॉलेज आने के लिए कहा और न आने पर निलंबन की चेतावनी दी।

छात्रों का कहना है कि जैसे ही सूर्य प्रताप कॉलेज पहुंचे, उसी दौरान आरोपी मनजीत सिंह ने प्रिंसिपल के सामने ही उन्हें गोली मार दी। आरोप है कि गोली लगने के बाद गंभीर रूप से घायल छात्र को तुरंत अस्पताल ले जाने के बजाय प्रॉक्टोरियल बोर्ड के कुछ सदस्यों ने कमरे में बंद कर दिया। छात्रों का दावा है कि अगर समय रहते इलाज मिल जाता तो उनकी जान बच सकती थी।

धरने में शामिल छात्रों ने प्रिंसिपल धर्मेंद्र सिंह, चीफ प्रॉक्टर संजय शाही और प्रॉक्टोरियल बोर्ड के सदस्य पंकज सिंह को तत्काल पद से हटाने की मांग की है। साथ ही मृतक के परिवार को उचित मुआवजा देने और आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग भी उठाई है।

घटना के बाद कॉलेज परिसर में भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है और अधिकारी पूरे मामले की जांच में जुटे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *